दुर्ग के जामुल में भाजपा 4, कांग्रेस 2, JCCJ और निर्दलीय 1-1 सीट जीती
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शहरी सरकारों के गठन के लिए जनादेश का समय आ गया है। दुर्ग जिले के चारों नगरीय निकाय और उतई वार्ड 5 में हुए उपचुनाव के नतीजे आना शुरू हो गए हैं। जामुल में BJP ने 4, कांग्रेस ने 2, JCCJ ने 1 और निर्दलीय अभी तक 1 वार्ड में अपनी जीत दर्ज कर चुके हैं।
वहीं रिसाली नगर निगम के लिए भाजपा-कांग्रेस में कांटे की टक्कर चल रही है। पहले राउंड की गिनती समाप्ति पर कांग्रेस और भाजपा 16-16 वार्ड में बढ़त बनाए हुए हैं। जबकि 8 वार्ड में निर्दलीय आगे हैं। दूसरी ओर उतई नगर पंचायत उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी सतीश चंद्राकर ने 16 वोटों से जीत दर्ज की है। भाजपा को तीसरे और कांग्रेस को चौथे नंबर से संतोष करना पड़ा है।
रायगढ़ नगर निगम के दो वार्डों 25 और 9 में उपचुनाव हो रहे हैं। वार्ड 25 से कांग्रेस की सपना सिदार और वार्ड 9 से कांग्रेस की ही रंजना कमल पटेल ने जीत दर्ज की। रायगढ़ की सारंगढ़ नगर पालिका के 15 वार्डों में से 12 पर कांग्रेस ने जीत हासिल की। वहीं तीन सीट पर अभी भी जद्दोजहद जारी है। बिलासपुर के इकलौते वार्ड तारबाहर में हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस के असलम शेख ने बड़ी जीत हासिल की है।
उन्होंने भाजपा के प्रत्याशी को 1 हजार 967 वोटों से हराया। नगर पालिका परिषद गोबरा-नवापारा उपचुनाव में वार्ड 14 में पहले चरण में भाजपा की मधु तरूण बाफना आगे चल रही हैं। उन्हें 265 मत मिले हैं। कांग्रेस की अनुजा जैन को 112 और निर्दलीय इदी चौहान को 8, निर्दलीय यामिनी मिश्रा को 49 मत मिले हैं।
उपर्युक्त में से कोई नहीं को 1 मत मिला है। राजनांदगांव के खैरागढ़ नगर पालिका परिषद में भाजपा 10, कांग्रेस ने 9 वार्डों में जीत दर्ज की है। जबकि एक वार्ड-4 में टाई हो गया है। दोनों प्रत्याशियों को 387-387 वोट मिले हैं। अब सिक्का उछालकर परिणाम की घोषणा की जाएगी।